हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ। घटना जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र का है।
दोस्त का इलाज कराने निकला था युवक
जानकारी के अनुसार ग्राम हथनेवरा निवासी आकाश पटेल पीआईएल चांपा में काम करता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 10.10 बजे आकाश पटेल अपने दोस्त दिगंबर पटेल का इलाज कराने बाइक क्रमांक सीजी 11 बीई 1284 से चांपा जा रहा था। जैसे ही वह घाटोली चौक स्थित चौधरी मोटर गैराज के पास पहुंचा, तभी हाइवा क्रमांक सीजी 04 पीआर 5569 का चालक वाहन को लापरवाहीपूर्वक बैक कर रहा था।
इसी दौरान हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश पटेल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घाटोली चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई व उचित मुआवजे की मांग करने लगे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं तहसीलदार प्रशांत पटेल ने भी घटनास्थल पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता राशि और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त हाइवा वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











