खून से लाल हुआ घर: माता-पिता समेत चार की निर्मम हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जमीन विवाद में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मृतक के बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। मामला जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
निर्माणाधीन मकान में मिली चार लाशें
जानकारी के मुताबिक, शिवरीनारायण इलाके के भवतरा गांव में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप अपनी पत्नी कांति बाई (65), नाती पीतांबर कश्यप (17) और मूकबधिर नातिन मोगरा के साथ निर्माणाधीन मकान के पीछे बने घर में रह रहे थे। बुधवार रात सभी खाना खाने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे जब मिस्त्री निर्माण कार्य के लिए पहुंचा तो सामने का दरवाजा बंद मिला। पीछे जाकर देखने पर उसकी आंखें फटी रह गईं। चारों की खून से लथपथ लाश खाट पर पड़ी थी। पूरे घर में खून बिखरा हुआ था। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस, FSL और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और तत्काल जांच शुरू कराई। डॉग स्क्वॉड घर के पीछे बाड़ी के रास्ते सीधे संदेही सोनसाय कश्यप के घर तक पहुंचा। वहां ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली, जहां से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक के मंझले बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों टूट गए और हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि परिवार में लंबे समय से जमीन और पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दोनों ने मिलकर पूरी साजिश रची और देर रात सोते समय चारों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
पहले भी कर चुका है भाई की हत्या
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप ने वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या कर दी थी। उस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब दो वर्ष पहले ही वह जेल से रिहा होकर गांव लौटा था।
पुलिस के मुताबिक जेल से लौटने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनी प्रसाद कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। मृतक पिता ने आरोपी के खिलाफ पहले प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी कराई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
दो खाटों पर सो रहे थे चारों मृतक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय कांति बाई और नातिन मोगरा एक खाट पर सो रही थीं, जबकि मेदनी प्रसाद और नाती पीतांबर दूसरी खाट पर थे। आरोपियों ने चारों पर सोते समय अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या, निर्माणाधीन मकान में खून से लथपथ मिला शव, इस बात की आशंका











