KYC कराने जा रहे भाई-बहन पर पलटा ट्रेलर, दर्दनाक मौत; क्षत-विक्षत हुए शव, कोयले के ढेर से निकालने में लगे घंटों

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रेलर और कोयले के मलबे के नीचे बाइक सवार भाई-बहन दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बिरगहनी निवासी संजय कुर्रे (18) और उसकी बहन अंजुलता कुर्रे (25) महतारी वंदन योजना के लिए KYC कराने बाइक से बलौदा जा रहे थे। इसी दौरान दीपका-हरदी बाजार मार्ग पर कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर ग्राम बिरगहनी और ठड़गाबहरा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक के ऊपर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों भाई-बहन ट्रेलर और कोयले के ढेर के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर भारी मात्रा में कोयला फैल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से घंटों मशक्कत के बाद कोयला हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
एक साल पहले हुई थी शादी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि अंजुलता की शादी एक साल पहले खैजा गांव में हुई थी और वह अपने बीमार पिता से मिलने मायके आई हुई थी।
गुस्साए ग्रामीणों की किया सड़क जाम
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब चार से पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद ट्रेलर मालिक ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपए सहायता राशि देने पर सहमति जताई, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है, वहीं चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











