नवापारा ब्रेकिंग: घर के अंदर मिली महिला की लाश, बगल में बेहोश पड़ी थी छोटी बहन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, जबकि उसकी छोटी बहन उसी कमरे में बेहोशी की हालत में खाट पर पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मानिकचौरी की रहने वाली भोज बाई रात्रे (58 वर्ष) और मीरा बाई रात्रे (55 वर्ष) दोनों सगी बहनें गांव में रहकर अपना जीवन-यापन करती थीं, जबकि उनके अन्य परिजन रायपुर में रहते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात दोनों बहनों ने साथ में भोजन किया और सोने चली गईं। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई, तब आसपास के लोगों को शक हुआ।
जमीन पर पड़ी मिली बड़ी बहन की लाश
लोग जब घर के भीतर पहुंचे तो नजारा देखकर सन्न रह गए। बड़ी बहन भोज बाई जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि छोटी बहन मीरा बाई खाट पर बेहोश हालत में मिली। दोनों की हालत देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बेहोश महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच में फिलहाल मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
गर्मी, दम घुटने की आशंका!
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। भीषण गर्मी और बंद कमरे में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया यह भी जा रहा है कि दोनों महिलाएं अविवाहित थीं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। मृतका के भाई-भतीजे रायपुर से मानिकचौरी पहुंच रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। अभनपुर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











