रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे ने लगाई फांसी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना पंडरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक धनीराम साहू के पुत्र जय साहू (45) मोवा स्थित आदर्श नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने सूचना दी कि जय ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो उनका शव फंदे से लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी किरण से अक्सर विवाद होता था। पत्नी ने आरोप लगाया है कि जय ने उनसे अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी और ट्रेडिंग को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है।
जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं और अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री भी रह चुके हैं। पंडरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
शिक्षक की हत्या कर आरोपी ने लगाई फांसी, इस बात की आशंका, जानिए पूरा मामला











