नवापारा ब्रेकिंग: लल्ला के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, पेट्रोल और वाहन सहित कई सामग्री जप्त, पुलिस की कार्यवाही से मचा हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) के तहत जेल भेजे जा रहे आदतन अपराधी टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के प्रयास के मामले में नवापारा पुलिस ने शुक्रवार को भी बड़ा अभियान चलाया। सुबह करीब 11 बजे से थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने लल्ला सोनवानी के घर सहित उसके कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान कई वाहनों को जब्त किया गया तथा मौके से बड़ी मात्रा में पेट्रोल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस कार्रवाई के चलते सदर रोड और आसपास का पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। मौके पर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही मोहल्ले सहित नगर के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।

पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाने का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने के प्रयास में यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी, उसकी मां, दोनों पत्नियों तथा अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) एवं 61 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस को दी गंभीर धमकियां

पुलिस के मुताबिक, टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी ने कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि वह अपने मोहल्ले के लोगों को थाना बुलाकर घेराव करेगा तथा पुलिसकर्मियों को अपनी पत्नियों के माध्यम से अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार अधिनियम और दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसा देगा। इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने, थाना परिसर को बम से उड़ाने तथा कलेक्टर और एसपी के बंगले को भी बम से उड़ाने जैसी धमकियां दीं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधिकारियों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी गई। सीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित थाना परिसर वापस लाया। हालांकि, आरोप है कि आरोपी के समर्थक पुलिस वाहन का पीछा करते हुए थाना पहुंच गए और वहां भी गाली-गलौज करते हुए आरोपी को दोबारा पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का प्रयास किया।

कई ठिकानों पर एक साथ दबिश

घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार सुबह भी व्यापक कार्रवाई शुरू की। लल्ला सोनवानी और उसके सहयोगियों से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी की कार्यवाही कई घंटों तक चलती रही। इस दौरान पुलिस ने 2 कार और 3 बाइक वाहनों को कब्जे में लिया है तथा मौके से बड़ी मात्रा में पेट्रोल सहित अन्य सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है कि उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

नवापारा में अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने स्पष्ट कहा कि गोबरा नवापारा में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस पर हमला और कानून हाथ में लेने की किसी भी कोशिश को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: रासुका कार्रवाई के दौरान हंगामा, पालिका सभापति सहित कई गिरफ्तार, पुलिस ने नगर में निकाला जुलूस, VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button