नवापारा ब्रेकिंग: रासुका कार्रवाई के दौरान हंगामा, पालिका सभापति सहित कई गिरफ्तार, पुलिस ने नगर में निकाला जुलूस, VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रासुका की कार्रवाई के तहत जेल भेजे जा रहे आदतन अपराधी टुम्मन उर्फ लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का आरोप है। इस दौरान पुलिस और आरोपी के परिजनों व समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। आरोपी के परिजनों और उसके साथियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज, झूमाझटकी, मारपीट, रास्ता रोकने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने करीब 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जेल से छूटने के अगले ही दिन रासुका की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को आबकारी एक्ट के प्रकरण में जेल से छूटने के बाद लल्ला सोनवानी अपने घर पहुंचा था। पुलिस को जानकारी मिली कि उसके विरुद्ध जिला दंडाधिकारी रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की जानी है। 6 अगस्त को थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए सदर रोड स्थित उसके घर की ओर रवाना हुई। पुलिस के अनुसार, रास्ते में लल्ला सोनवानी स्कॉर्पियो से आता दिखाई दिया और पुलिस वाहन को देखकर वाहन पीछे कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

अस्पताल में परिजनों का हंगामा

इसके बाद पुलिस ने लल्ला सोनवानी को पुलिस अभिरक्षा में मुलाहिजे के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। इसी दौरान उसकी मां, दोनों पत्नियां और कुछ अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि वहां लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का प्रयास किया गया और अश्लील गाली-गलौज की गई।

स्कॉर्पियो और बाइक से पुलिस वाहन का पीछा

पुलिस के अनुसार मुलाहिजे के बाद पुलिस टीम लल्ला सोनवानी को रायपुर जेल दाखिल कराने के लिए रवाना हुई। इसके कुछ समय बाद लल्ला सोनवानी के साथी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल और खुलेश कुमार रात्रे समेत अन्य लोग स्कॉर्पियो और करीब चार मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन का पीछा करने लगे।

आरोप है कि पीछा करने के दौरान फिल्मी स्टाइल में पुलिस वाहन के अगल-बगल से बाइक चलाकर उसे डंडों से मारकर रोकने का प्रयास किया गया। करीब चार किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गौकरण और उसके साथी पुलिस वाहन के सामने बार-बार आने लगे।

पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी

बताया गया के ग्राम पिपरौद के पहले मुख्य मार्ग पर पुलिस वाहन को रोक लिया गया। इसके बाद लल्ला सोनवानी और उसके साथियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को गालियां देते हुए धमकी दी और झूमाझटकी कर मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस वाहन के दोनों दरवाजे खोलकर पुलिस अभिरक्षा में मौजूद लल्ला सोनवानी को जबरन बाहर निकालकर छुड़ाने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख प्रधान आरक्षक राधेश्याम सिंह ने सीएसपी को मोबाइल से घटना की जानकारी दी। सीएसपी के निर्देश पर पुलिस वाहन को वापस थाना परिसर लाया गया।

पेट्रोल बम से जिंदा जलाने और थाना उड़ाने की धमकी का आरोप

प्रधान आरक्षक के शिकायत के अनुसार, आरोपी लल्ला सोनवानी कथित तौर पर मोहल्ले के करीब 100 लोगों को थाने में बुलाकर घेराव कराने, पुलिसकर्मियों को उसकी पत्नी के माध्यम से हरिजन एक्ट और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा पुलिस वाहन पर पेट्रोल बम फेंककर पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने, थाना और कलेक्टर-एसपी के बंगले को बम से उड़ाने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।

थाना परिसर में फिर जुटी भीड़

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए नगर पालिका सभापति केकती सोनवानी सहित महिलाओं और युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।

नगर में निकाला गया जुलूस

गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने नगर में जुलूस भी निकाला। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्रवाई के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम, एसडीएम रवि सिंह, अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम, गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने आरोपी यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी और उसकी मां व दो पत्नी एवं अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 132, 221, 296, 351(2) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

कार्रवाई को लेकर नगर में चर्चा, पुलिस की सराहना

नगर में हुई इस कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्ती जरूरी है।

गुरुवार को हुई यह कार्रवाई नगर में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी की भीड़ जुट गई है, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों में खासा कौतूहल बना रहा। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: ढाबे पर आधी रात छापा; शराब, नकद और धारदार चाकू बरामद, लल्ला सोनवानी समेत 5 आरोपियों का निकाला गया जुलूस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button