आधी रात खनिज विभाग की दबिश, 11 हाइवा पकड़ाए, मचा हड़कंप, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। रातभर चली इस कार्रवाई में 10 हाइवा रेत एवं 1 हाइवा गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए। कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार रायपुर कलेक्टर के निर्देश पर तथा उप संचालक खनिज प्रशासन राजेश मालवे के आदेशानुसार सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई संदिग्ध हाइवा वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान पकड़े गए वाहनों के चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, रॉयल्टी पर्ची अथवा परिवहन अनुमति पत्र नहीं पाया गया। इसके बाद विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरंग एवं गिधपुरी थाना के सुपुर्द कर दिया। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा, सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा, सिपाही संतोष पवार तथा सैनिक लुकेश वर्मा, जितेंद्र वर्मा, दयाराम साहू एवं लीलेश्वर मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध रेत कारोबार पर कसता शिकंजा
खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत एवं खनिज परिवहन करने वाले कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन का कहना है कि शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचाने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
खनिज विभाग की रातभर बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत और बोल्डर परिवहन करते 8 हाइवा जब्त











