नवविवाहिता ने की आत्महत्या, मां को आखिरी फोन में बताया दर्द; पति-जेठानी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी के महज कुछ महीनों बाद दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और जेठानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दहेज को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के चलते युवती ने जहरीला पदार्थ सेवन कर अपनी जान दे दी थी। मामला जांजगीर-चांपा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मां को किया था आखिरी फोन

जानकारी के मुताबिक, 6 जुलाई 2025 की सुबह करीब 6 बजे भारती ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि उसके साथ फिर मारपीट की गई है और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। फोन पर दर्द बयां करने के कुछ ही समय बाद उसने अज्ञात कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।

पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर से प्राप्त मर्ग डायरी के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मृतका भारती कश्यप की मां, भाई और अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए।

शादी के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

जांच में पता चला कि वर्ष 2025 में भारती कश्यप की शादी ग्राम जर्वे निवासी कृष्णा कश्यप के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही पति द्वारा दहेज में कम सामान लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट भी करता था। पीड़िता ने अपनी तकलीफ अपनी जेठानी कविता कश्यप को बताई, लेकिन उसे सहारा देने के बजाय जेठानी भी दहेज को लेकर उसे ताने देने और प्रताड़ित करने लगी। लगातार हो रही प्रताड़ना से भारती मानसिक रूप से टूट चुकी थी।

जांच में सही पाए गए आरोप

पुलिस जांच में पति कृष्णा कश्यप और जेठानी कविता कश्यप के खिलाफ दहेज प्रताड़ना तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके आधार पर दोनों के विरुद्ध धारा 80(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने ग्राम जर्वे में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने कृत्य को स्वीकार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शादी के 12 दिन बाद नवविवाहिता की मौत: शक, जबरन संबंध बनाने और प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने दी जान, पति पर FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button