दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, फुटरेस्ट में घुसा नगर पालिका कर्मचारी का सिर, कटर से काटकर निकाला गया लोहे का टुकड़ा, मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में नगर पालिका के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक का लोहे का फुटरेस्ट युवक के सिर में घुस गया, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन मंगानी पड़ी। घंटों की मशक्कत के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिंदगी की जंग वह हार गया। घटना बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर पाररास स्थित गणेश मंदिर के पास यह हादसा हुआ है। नगर पालिका में स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लेसमेंट कर्मचारी वामेंद्र साहू (35 वर्ष) बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर चल रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। बस के कारण सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी और देखते ही देखते दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वामेंद्र उछलकर दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरा। फुटरेस्ट का नुकीला लोहे का हिस्सा उसके सिर में बुरी तरह धंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

कटर मशीन से काटना पड़ा फुटरेस्ट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक को निकालने के लिए लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन सिर में फंसा लोहे का हिस्सा बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद कटर मशीन मंगाई गई और फुटरेस्ट को काटकर अलग किया गया। घायल को उसी लोहे के हिस्से के साथ एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे का भयावह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।

दंपती भी घायल, साली के घर जा रहे थे

दूसरी बाइक पर घुमका निवासी पुनाराम यादव (45) और उनकी पत्नी भगवंतीन यादव (40) सवार थे। दोनों आमापारा स्थित अपनी साली के घर जा रहे थे। टक्कर के बाद वे सड़क किनारे नाली में जा गिरे। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि मृतक वामेंद्र साहू के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 10 और 12 वर्ष बताई जा रही है। युवक की असमय मौत से पूरे वार्ड में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत: ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 4 चचेरे भाइयों की मौत; कार ने 2 ग्रामीणों को रौंदा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button