26 वर्षीय युवक ने कमरे में लगाई फांसी, इस वजह से था परेशान, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक की दोनों किडनी खराब हो चुका था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटना जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अविनाश टोप्पो (26) के रूप में हुई है, जो सुजीबहार गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अविनाश बैंगलोर में रहकर काम करता था। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। 1 मई को उसने अपने परिजनों को फोन कर स्वास्थ्य बिगड़ने की जानकारी दी और घर ले जाने की बात कही।
परिजनों ने उसे ट्रेन से कोरबा पहुंचने को कहा, जहां से 3 मई को परिवार के सदस्य उसे लेकर गांव आए। हालत ज्यादा बिगड़ने पर 4 मई को इलाज के लिए उसे जशपुर लाया गया। यहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। यह जानकारी मिलने के बाद से अविनाश गहरे तनाव में रहने लगा था।
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन अविनाश के पिता सैहुन टोप्पो किसी काम से पड़ोसी गांव चोगरी बहार गए हुए थे। इसी बीच उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











