भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर तीखा हमला: महंगाई, खाद संकट, बढ़ते अपराध और रेत माफिया पर बोले- जनता हर मोर्चे पर परेशान

महंगाई से लेकर रेत माफिया तक उठाए गंभीर सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) नवापारा-राजिम :– छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राजिम दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। एक सामाजिक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे नवापारा स्थित कांग्रेस नेता जीत सिंह के निवास पहुंचे। श्री बघेल के आगमन पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवापारा बस स्टैण्ड के पास ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पहारों के साथ शानदार जोरदार स्वागत किया।

यहां जीत सिंग के निवास पर दोपहर भोज के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए। महंगाई, किसानों की बदहाल स्थिति, बढ़ते अपराध और अवैध रेत उत्खनन जैसे मुद्दों पर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में जनता हर मोर्चे पर परेशान है, लेकिन सरकार सिर्फ दावे और प्रचार में व्यस्त है।

महंगाई नियंत्रण करने में भाजपा विफल

पत्रकारों से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में इजाफे ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने में सरकार असफल

पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के बीच किसान खाद और बीज के लिए भटकने को मजबूर हैं। सरकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है और निजी दुकानों में किसानों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने में असफल रही है, जिससे खेती-किसानी पर संकट गहरा गया है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे अपराध, कानून व्यवस्था चरमराई

भूपेश बघेल ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, लूट, चोरी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। प्रदेश के अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही है।

रेत माफियाओं का आतंक बढ़ा

अवैध रेत उत्खनन के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेत माफिया बेखौफ होकर नदियों का सीना छलनी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की संरक्षण नीति के कारण अवैध उत्खनन का कारोबार फल-फूल रहा है। प्रदेश में रेत माफियाओं की गुण्डागर्दी बढ़ गई है। रेत माफिया लोगों को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार रहे हैं, लेकिन सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानियां और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर सरकार की चुप्पी उसकी विफलता को उजागर करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

ये रहे उपस्थित 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, बिन्द्रानवगढ़ विधायक जनक ध्रुव, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन, शैलेन्द्र साहू, राम गिडलानी, सन्नी अग्रवाल, नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जीत सिंग, सौरभ शर्मा, अजय कोचर, राजा चावला, चंद्रहास साहू, गोल्डी पारख, स्वर्णजीत कौर, रेखा तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस के कार्यकर्तागण मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: कांग्रेसियों और किसानों ने किया चक्काजाम, सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button