पत्थर से सिर कुचलकर विचाराधीन बंदी की हत्या, केंद्रीय जेल में सनसनी, जांच में ये बात आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– केंद्रीय जेल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सजायाफ्ता कैदी ने बैरक के भीतर विचाराधीन बंदी पर पत्थरनुमा सीमेंट के ढक्कन से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल बंदी को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला बिलासपुर जिले का है।

जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। उसे जेल की ई-वन बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू जगत पास में आराम कर रहा था।

अचानक सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

इसी दौरान त्रिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और अचानक अपने हाथ में मौजूद सीमेंट से बने ढक्कननुमा पत्थर से नीलू जगत के सिर पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजेश ने एक के बाद एक कई वार किए, जिससे नीलू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बैरक में मौजूद अन्य बंदियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर आरोपी को रोका और तत्काल जेल कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद घायल बंदी को गंभीर अवस्था में सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आवेदन खारिज होने के बाद था परेशान

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार आरोपी राजेश राय वर्ष 2011 से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारी का उपचार करा रहा था। वहीं मृतक नीलू जगत भी मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज जेल में चल रहा था। स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए दोनों को एक ही बैरक में रखा गया था, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उन्हें नियमित दवाएं दी जाती थीं।

बताया जा रहा है कि राजेश राय और उसके पिता हरि राय हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं। राजेश ने सजा माफी के लिए आवेदन किया था, जिसे राज्य सरकार ने तीन दिन पहले ही निरस्त कर दिया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से तनाव में बताया जा रहा था।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजेश राय ने नीलू जगत को ही निशाना क्यों बनाया। दोनों के बीच किसी पुराने विवाद की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस जेल प्रशासन और बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ कर हमले के पीछे की वास्तविक वजह तलाशने में जुटी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच में जुटी हुई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जेल के किचन में काम करने के दौरान हादसा, कैदी ने हंसिया से रेत दिया खुद का गला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button