मिठाई दुकान के अंदर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ः फर्जी ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, संचालक समेत 8 लोग गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आइसक्रीम और मिठाई दुकान की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। इसकी सूचना पर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबिश दी। एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। देह व्यापार की पुष्टि मिलते ही पुलिस टीम ने छापा मारकर लॉज संचालक समेत आठ लोगों को दबोच लिया। मौके से नकदी, मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। मामला दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने मौके से लॉज संचालक विजय गुजराती, देह व्यापार में संलिप्त तीन महिलाओं, दो ग्राहकों तथा अन्य संबंधित लोगों को पकड़ा। शुरुआती जांच के बाद सभी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
नीचे मिठाई की दुकान, ऊपर लॉज
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इंदिरा मार्केट स्थित भवन के नीचे मिठाई दुकान और आइसक्रीम पार्लर संचालित था, जबकि ऊपर बने लॉज में देह व्यापार का नेटवर्क चलाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि यह कारोबार पिछले करीब पांच महीनों से सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा था।
पुलिस को लंबे समय से इस गतिविधि की सूचना मिल रही थी। कार्रवाई को कानूनी रूप से मजबूत बनाने के लिए एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर लॉज में भेजा गया। जैसे ही अंदर से देह व्यापार की पुष्टि हुई, बाहर पहले से तैनात टीम ने एक साथ छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर को घेर लिया गया और दस्तावेजों के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए।
चुने हुए ग्राहकों को ही मिलती थी एंट्री
जांच में यह भी सामने आया कि लॉज में हर किसी को प्रवेश नहीं दिया जाता था। केवल उन्हीं लोगों को अंदर आने की अनुमति थी, जिनके मोबाइल नंबर पहले से संचालकों के पास दर्ज थे। पुलिस को आशंका है कि पूरा नेटवर्क बेहद गोपनीय और योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था।
नकदी, मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम के पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी सामान जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।य
ह कार्रवाई आईपीएस हर्षित मेहर और डीएसपी भारती मरकाम की निगरानी में संपन्न हुई। पुलिस ने मामले में पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











