बदमाशों का आतंक: पहले गाड़ी से कुचलने की कोशिश, फिर घर में घुसकर तलवार और डंडों से जानलेवा हमला, चार आरोपी गिरफ्तार-VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मामूली विवाद अब खुलेआम खूनी हमलों में बदल रहे हैं और बदमाश बेखौफ होकर सरेराह मारपीट करने के बाद लोगों के घरों में घुसकर भी जानलेवा वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में हथियारों से लैस युवकों ने पहले सड़क पर हमला किया, फिर जान बचाकर घर में घुसे युवकों का पीछा करते हुए अंदर घुस गए और तलवार व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट डाला। मामला बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब 11.30 बजे सरकंडा स्थित अपोलो चौक, लिंगियाडीह के पास निखिल ध्रुव अपने साथी आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों तथा तलवार से हमला बोल दिया।

जान बचाने घर में घुसे, बदमाश भी पीछे-पीछे पहुंचे

हमले से बचने के लिए तीनों युवक पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन हमलावरों का गुस्सा नहीं थमा। आरोपी उनका पीछा करते हुए घर के अंदर घुस गए और वहां भी बेरहमी से मारपीट की। हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 331(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

तलवार समेत हथियार बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार और अन्य हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) और राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। सभी आरोपी लिंगियाडीह क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं वारदात में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

भीमसेनी एकादशी मेले में चाकूबाजी, दो सगे भाईयों पर जानलेवा हमला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button