बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरी बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पाँच विद्यालयों में हुआ आयोजित

पाँच विद्यालयों में आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति बढ़ी जागरूकता

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :गरियाबंद महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा भारत सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति के अंतर्गत जिले की किशोरी बालिकाओं के लिए सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय के मार्गदर्शन में 08 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुरा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोचवाय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजिम, शासकीय हाई स्कूल जोबा तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैनपुर में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान ताइक्वांडो मास्टर ट्रेनर सुश्री किरण मरकाम ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। उन्होंने बालिकाओं को आकस्मिक एवं विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के प्रभावी तरीके सिखाए। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, साहस, आत्मनिर्भरता तथा संकट की स्थिति में त्वरित एवं सही निर्णय लेने की क्षमता का विकास करना रहा। इसके साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा, मानसिक दृढ़ता एवं सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी दी गई।

मानसिक रूप से भी सशक्त करना है 

कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक सुश्री मनीषा वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित इस प्रकार के प्रशिक्षण से बालिकाओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त करना है। उन्होंने छात्राओं को मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों, महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाओं, महिला हेल्पलाइन तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में जानकारी देते हुए लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के बारे में बताया गया।

प्रशिक्षण में जेंडर विशेषज्ञ पद्मनी दीवान ने लैंगिक समानता एवं महिलाओं के अधिकारों पर जानकारी दी, जबकि वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अर्चना सिंह ने छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर सुमन तिवारी ने महिला सुरक्षा, कानूनी सहायता एवं संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में शोभा मरकाम, दशरथ वर्मा, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

रायपुर की बेटी बनाएगी सैटेलाइट, देशभर से नौ बच्चों का चयन, कलेक्टर ने प्रेरक पुस्तक व पुष्पगुच्छ भेंट कर किया सम्मानित

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button