बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार बाल अपचारी फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर चार बाल अपचारी फरार हो गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंचकर फरार बाल अपचारियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के ग्राम अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खाण्डे पिता फेंकूलाल खाण्डे (42 वर्ष) बाल संप्रेक्षण गृह में सहायक सह रात्रि चौकीदार (सुरक्षा गार्ड) के रूप में पदस्थ थे। रविवार रात ड्यूटी के दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए थे। उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
चार बाल अपचारी फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध चार बाल अपचारियों की संलिप्तता सामने आ रही है। इनमें तीन रायगढ़ जिले और एक कोरबा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। सभी गंभीर अपराधों के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि इनमें से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही केंद्रीय जेल भेजा जाना था।
आरोप है कि चौकीदार की हत्या करने के बाद चारों बाल अपचारी बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में कई विशेष टीमें गठित कर व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड जांच कर रही
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कलेक्टर और एसएसपी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को हर पहलू की गहन जांच के निर्देश दिए।
तबादले की मांग को लेकर परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों ने विभागीय अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नरेंद्र कुमार खाण्डे लंबे समय से अपने तबादले की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों का दावा है कि यदि समय रहते उनका तबादला कर दिया जाता तो शायद यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।
हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश लगातार जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पत्थर से सिर कुचलकर विचाराधीन बंदी की हत्या, केंद्रीय जेल में सनसनी, जांच में ये बात आई सामने











