नवापारा ब्रेकिंग: परिजनों और छात्रों ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ फूटा परिजनों का गुस्सा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। गांव में स्थायी स्कूल भवन नहीं होने और बच्चों को जर्जर व अपर्याप्त कक्षाओं में पढ़ने की मजबूरी से नाराज पालकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।   

एक ओर सरकार सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर अभनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सोनेसिली की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। गांव में स्थायी स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। इसके चलते बच्चों को जर्जर भवन और सीमित कक्षाओं में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

शिक्षा व्यवस्था की इस बदहाल स्थिति से नाराज पालकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बरसते पानी में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाते रहे। 

हादसे का बना रहता है खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले पर्याप्त कक्षाएं उपलब्ध नहीं हैं। बच्चे केवल दो अतिरिक्त कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बरसात के दिनों में भवन की जर्जर स्थिति के कारण हादसे का खतरा बना रहता है, वहीं गर्मी के मौसम में भी बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्षों से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं, जबकि स्कूल भवन निर्माण की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नए स्कूल भवन की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने हेतु विद्यालयों में 17 जुलाई तक शिविर का आयोजन, 216 विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाण पत्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button