जेल में बंद कैदी से रचाई शादी, जिस युवती ने रेप केस में फंसाया, उसी के साथ लिए सात फेरे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल में बंद एक कैदी ने शादी रचाई। दरसअल, रेप केस में जिस युवती ने उसे जेल पहुंचाया था, उसी ने युवक के साथ सात फेरे लिए। कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जेल परिसर में दोनों ने वैदिक रीति-रिवाजों से शादी की। शादी के बाद दूल्हे को दोबारा जेल बैरक में भेज दिया गया। यह अनोखी शादी बस्तर के जगदलपुर का है। जिसकी चर्चा पूरे छत्तीसगढ़ में हो रही है।

पेट्रोल पंप पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी

जानकारी के अनुसार, परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव निवासी सुरेश सेठिया और मनमती कश्यप जगदलपुर के एक पेट्रोल पंप पर साथ काम करते थे। इस बीच दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने और पारिवारिक विरोध के कारण रिश्ते में दरार आ गई।

शादी से इनकार के बाद दर्ज हुआ केस

युवती का कहना है कि सुरेश ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में परिवार के दबाव में विवाह से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने उसके खिलाफ परपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर सुरेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह पिछले करीब सात महीने से केंद्रीय जेल में बंद था।

जेल में बंद रहने के दौरान भी युवती उससे मिलने जाती रही। बाद में उसने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत में आवेदन देकर कहा कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अपनी इच्छा से विवाह करना चाहते हैं। अदालत ने मामले पर विचार करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस और जेल प्रशासन को विवाह संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जेल में सजा मंडप, सलाखों के बीच सात फेरे

कोर्ट के आदेश के बाद जगदलपुर केंद्रीय जेल परिसर में मंडप सजाया गया। पुलिस, जेल अधिकारियों, अधिवक्ताओं और दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में सुरेश और मनमती ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। विवाह की सभी रस्में जेल परिसर में ही पूरी की गईं। शादी के बाद सुरेश को फिर से जेल बैरक में भेज दिया गया। उसकी रिहाई अब मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संभव होगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

कानून ने थामा प्यार का हाथ, दो प्रेमी जोड़ों का पुलिस ने कराई शादी, थाना परिसर बना विवाह मंडप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button