गुरु पूर्णिमा पर गायत्री शक्तिपीठ राजिम में गूंजे वैदिक मंत्र, महायज्ञ व संस्कारों का हुआ आयोजन
वैदिक परंपरा के साथ हुए विविध संस्कार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गायत्री शक्तिपीठ राजिम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व
राजिम।गायत्री शक्तिपीठ राजिम में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशेष देव पूजन, गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न धार्मिक तथा सामाजिक संस्कारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगीतमय वातावरण में हुआ। संगीत टोली के आचार्य तुलाराम साहू, युग गायिका निहारिका साहू एवं वैभव साहू ने अपनी मधुर गुरु वंदना और युग संगीत के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात हिमांशु साहू एवं हेमलता साहू के कुशल संचालन में विधि-विधान से गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों को संपन्न कराया गया।
हुए विविध संस्कार
महायज्ञ के दौरान पवित्र वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कई संस्कार कराए गए। इसमें बालक धैर्य अमित साहू का मुंडन संस्कार, ओमीन साहू का पुंसवन संस्कार तथा मानसी सोनी व सरस्वती साहू का दीक्षा संस्कार पूर्ण निष्ठा और परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ।
गुरु का स्थान सर्वोपरि

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य प्रबंध ट्रस्टी, पूर्व सांसद एवं छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने ‘गुरु महिमा’ पर प्रकाश डालते हुए अपना विशेष उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि है और गुरु की प्रेरणा से ही व्यक्ति सन्मार्ग पर अग्रसर होता है। वहीं जिला समन्वयक टीकम राम साहू ने शांतिकुंज हरिद्वार की कार्ययोजनाओं, समाज निर्माण के संकल्पों और भावी गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इकाई प्रमुख रामकुमार साहू ने भी शक्तिपीठ के आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम के अंत में गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन पवन कुमार गुप्ता ने आए हुए सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। यज्ञ की पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ गुरु पूर्णिमा का यह भव्य समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम में ट्रस्टी,इकाई के कार्यकर्ता एवं मां भगवती महिला मण्डल राजिम की बहनों की भागीदारी रही।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











