तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को रौंदा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, पत्नी की हालत नाजुक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। वह अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मौहार निवासी चैत राम राठिया (44) अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और करीब 5-6 वर्षीय बेटे के साथ शहर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरडीह जंगल के समीप पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनके दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर पिता-पुत्र की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चैत राम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान चैत राम ने भी दम तोड़ दिया। सुमित्रा राठिया की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका आईसीयू में उपचार जारी है।
नाले और खेत में जा गिरी कार
हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर नाले और खेत में जा फंसी। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि कार में सवार युवक शराब के नशे में थे और बेहद लापरवाही से वाहन चला रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
परिवार का सहारा छिना
बताया जा रहा है कि चैत राम राठिया अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके चार बच्चे हैं। इस हादसे में परिवार ने अपने मुखिया के साथ सबसे छोटे बेटे को भी खो दिया। घर की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारी अब गंभीर रूप से घायल पत्नी और परिवार पर आ गई है। गांव में हर आंख नम है और मातम पसरा हुआ है। रजगामार पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











