राजिम पुलिस का अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी, अलग-अलग मामलों में दो तस्कर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “नया सवेरा अभियान” के तहत राजिम पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 12.60 लीटर अवैध देशी मसाला शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध नशे के परिवहन एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 4 अगस्त 2026 को थाना राजिम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पकड़ा

पहली कार्रवाई राजिम-रावड़ मार्ग पर की गई, जहां चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QP 7492 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम गामेश जोशी (24 वर्ष), निवासी डोमा, थाना आरंग, जिला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 35 नग अवैध देशी मसाला शराब, कुल 6.300 लीटर, जिसकी कीमत लगभग 3,500 रुपये, बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई राजिम-श्यामनगर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। यहां संदिग्ध मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CV 6053 के चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम जितेश साहू (21 वर्ष), निवासी सुरसाबांधा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद बताया। उसके कब्जे से 32 नग अवैध देशी मसाला शराब, कुल 5.760 लीटर, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये, बरामद किया गया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।

दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 67 नग अवैध देशी मसाला शराब, कुल 12.60 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 6,700 रुपये जब्त की है। गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ दो कोचिया गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button