हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, निर्माणाधीन मकान में कर रहे थे काम, ठेकेदार की लापरवाही आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– निर्माणाधीन मकान की छत पर काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

साथी को बचाने दौड़ा, लेकिन खुद भी नहीं बच सका

प्रारंभिक जांच के अनुसार अशोक नगर निवासी भूपेंद्र साहू (45) और रवि बंजारे (40) निर्माणाधीन मकान में काम के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भूपेंद्र का हाथ ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। उसकी चीख सुनकर साथी रवि उसे बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर एक मजदूर का शव छत पर पड़ा था, जबकि दूसरा करंट लगने के बाद दीवार के सहारे हाईटेंशन लाइन के पास लटका हुआ था। यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन मकान 11 केवी लाइन के बेहद करीब बनाया जा रहा था। मौके पर न तो सुरक्षा जाली लगी थी और न ही बिजली लाइन से सुरक्षित दूरी का पालन किया गया था। बिजली विभाग के अधिकारियों ने जांच में पाया कि जहां नियमों के अनुसार हाईटेंशन लाइन से कम से कम 5 फीट की दूरी आवश्यक है, वहीं मौके पर यह दूरी करीब ढाई फीट या उससे भी कम थी।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मकान मालिक अनूप सिंह और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर रही है। यदि निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही साबित होती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हुई थी शिकायत

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन महीने पहले इस निर्माण को लेकर नगर निगम में शिकायत की गई थी। जांच में स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण मिलने पर वर्ष 2025 में नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बारिश के बीच करंट बना काल: कपड़े सुखाते समय महिला की दर्दनाक मौत, बरसात में बिजली उपकरणों से बरतें सावधानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button