बारिश के बीच करंट बना काल: कपड़े सुखाते समय महिला की दर्दनाक मौत, बरसात में बिजली उपकरणों से बरतें सावधानी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली से जुड़े हादसे भी बढ़ने लगे हैं। सोमवार सुबह धमतरी शहर के अधारी नवागांव वार्ड में एक दर्दनाक हादसे में कपड़े सुखाते समय करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के अधारी नवागांव निवासी संगीता साहू सोमवार सुबह नहाने के बाद घर के आंगन में कपड़े सुखा रही थीं। जिस रस्सी पर वह गीले कपड़े डाल रही थीं, उसके ठीक बगल से बिजली का तार गुजर रहा था। कपड़े डालते समय उनका हाथ अनजाने में तार के संपर्क में आ गया और उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद संगीता साहू को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरसात के मौसम में बरतें विशेष सावधानी
बारिश के दौरान घरों के आसपास से गुजरने वाले बिजली के तार, गीली दीवारें, खुले स्विच बोर्ड और खराब वायरिंग जानलेवा साबित हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गीले हाथों से किसी भी विद्युत उपकरण को नहीं छूना चाहिए तथा कपड़े सुखाते समय यह सुनिश्चित करें कि रस्सी या स्टैंड बिजली के तारों के बिल्कुल पास न हो। यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ, झूलता हुआ या नीचे लटका दिखाई दे तो तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यह घटना एक बार फिर सावधान करती है कि बरसात के मौसम में थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मछली पकड़ने के लिए बिछाया करंट जाल, खुद ही बन गया शिकार, युवक की दर्दनाक मौत











