दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला और मासूम की हत्या, बेहोश होने पर महिला से दुष्कर्म, बुजुर्ग गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बुर्जुग ने महिला और उसकी 10 माह की बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला से दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर उसकी भी हत्या कर दी। मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मकान में मिला था मां-बेटी का शव
जानकारी के अनुसार ग्राम छापरपानी में एक महिला (35 वर्ष) अपनी 10 माह की बेटी के साथ रह रही थी। 16 जुलाई 2026 की सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी मासूम बेटी की मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से हमले के गंभीर निशान मिले थे। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, थाना लैलूंगा पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। घटनास्थल सुनसान था। वारदात को देखने वाला कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला था और महिला का किसी से विवाद भी सामने नहीं आया। ऐसे में पुलिस के सामने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाना बड़ी चुनौती थी।
पुलिस की टीम ने गांव में लगातार कैंप लगाकर ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने संभावित संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों पर भी फोकस किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) पर पुलिस का संदेह गहराया।
पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया। इस दौरान उसके हाथ में चोट का निशान पुलिस की नजर में आया। हालांकि आरोपी ने शुरुआत में घटना में शामिल होने से इनकार कर दिया। लेकिन पुलिस ने जब वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ आगे बढ़ाई तो आरोपी टूट गया और उसने वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में सामने आई खौफनाक कहानी
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 15 जुलाई की रात वह खेत में बने बोर मकान पहुंचा था। वहां महिला अपनी 10 माह की बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
इसके बाद आरोपी ने बेहोश महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान पास में मौजूद 10 महीने की बच्ची रोने लगी। आरोपी ने बच्ची का गला दबाया और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खेत के रास्ते अपने ठिकाने पहुंचा और घटना के समय पहनी हुई धोती बदलकर छिपा दी। धोती पर खून के निशान थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई खून लगी धोती बरामद कर ली है। आरोपी को हत्या और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











