बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर 14.97 लाख उड़ाए, बैंक का डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर में बैंक खाते की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर 14.97 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह में पदस्थ डिप्टी मैनेजर ने बैंक ग्राहक के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को बदलकर खाते तक पहुंच बनाई और फिर एफडी तुड़वाकर करीब 15 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा दिए। मामले में पुलिस ने बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन (26) को गिरफ्तार किया है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

सीनियर सिटीजन का खाता चुना

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने ऐसे खाते की तलाश की, जिसमें नियमित रूप से ज्यादा लेन-देन नहीं होता था। इसी दौरान बिलासपुर निवासी सीनियर सिटीजन सुषमा कुमार का खाता आरोपियों के निशाने पर आया। आरोप है कि डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन ने खाते से जुड़ी जानकारी अपने एक साथी के साथ साझा की। यह साथी पूर्व में एक्सिस बैंक में कर्मचारी रह चुका है।

फर्जी फॉर्म से बदला रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूर्व बैंक कर्मचारी ने सुषमा कुमार के नाम से फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म तैयार किया और उसे बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा। इसके बाद डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन ने कथित तौर पर इस फर्जी आवेदन को प्रोसेस करते हुए ग्राहक के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। मोबाइल नंबर बदलते ही आरोपियों के लिए खाते पर नियंत्रण हासिल करने का रास्ता खुल गया।

ऐप में बढ़ाई ट्रांजेक्शन लिमिट

पुलिस के अनुसार मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद आरोपियों ने एक्सिस बैंक का मोबाइल ऐप इंस्टॉल किया। इसके बाद खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के तौर पर जोड़ दिया गया। इसके बाद खाते में जमा एफडी को क्लोज कर रकम सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर की गई। फिर पूरी राशि ‘इंडियन सेल्स’ नामक खाते में भेज दी गई।

पंडरी शाखा से दो बार निकाली नकदी

रकम ट्रांसफर होने के बाद पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के जरिए दो बार में नकद राशि निकाल ली गई। इस तरह ग्राहक के खाते से कुल 14,97,451.32 की राशि ट्रांसफर एवं विड्रॉल की गई। ग्राहक की जानकारी और अनुमति के बिना इतनी बड़ी रकम निकाले जाने के बाद बैंक की आंतरिक जांच में मामला सामने आया। इसके बाद वर्तमान शाखा प्रबंधक ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई।

पूर्व बैंक कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई

शिकायत के आधार पर गंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत अपराज दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच में डिप्टी मैनेजर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन निवासी सतना को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने एक अन्य पूर्व एक्सिस बैंक कर्मचारी की भूमिका की जानकारी भी पुलिस को दी है।

अब पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, फर्जी ई-मेल, मोबाइल ऐप की गतिविधियों, खाते में हुए ट्रांजेक्शन और कैश विड्रॉल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और धोखाधड़ी की पूरी कड़ी का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अवैध काम में लिप्त दो सगी बहनें गिरफ्तार, पहचान बदलकर चला रही थी गुप्त नेटवर्क, 15.78 लाख की संपत्ति जब्त, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button