मुक्तिधाम का ताला तोड़कर केबल वायर की चोरी, आरोपी गिरफ्तार, छुरा पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान
आरोपी ने कुछ वायर जलाकर नष्ट किया, फरार साथी की तलाश जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में छुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 फीट केबल वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया केबल वायर और वारदात में इस्तेमाल लोहे की वस्तु बरामद की गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को प्रार्थी ने थाना छुरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति ने वार्ड नंबर 10 स्थित मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर वहां रखे 5 नग बोर लाइन के करीब 500 फीट केबल वायर चोरी कर लिए।
रिपोर्ट के आधार पर थाना छुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि मान्टू ध्रुव ने अपने साथी के साथ मिलकर मुक्तिधाम के कमरे से केबल वायर चोरी की है।
पूछताछ में चोरी का खुलासा
पुलिस ने संदेह के आधार पर मान्टू ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 अगस्त की रात करीब 12 बजे उसने अपने साथी के साथ मिलकर मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखे केबल वायर चोरी किए थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कुछ केबल वायर को आग से जलाकर नष्ट कर दिया, जबकि कुछ वायर को अपने घर में सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का केबल वायर और घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु गवाहों के समक्ष जब्त कर ली।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी मान्टू ध्रुव के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे BNS की धारा 303(1), 331(4) और 112(1) के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मान्टू ध्रुव पिता गब्बर ध्रुव (30), निवासी पलौद, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर, स्थायी पता गादीकोट, छुरा, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











