रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की दबिश, 15 टीमों ने एक साथ की जांच; इन दो जगह मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

100 से ज्यादा पुलिसकर्मी अभियान में शामिल, दस्तावेज से लेकर CCTV और कर्मचारियों के वेरिफिकेशन तक खंगाले

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर औचक जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ 30 स्पा सेंटरों की जांच की गई। इस कार्रवाई में 15 विशेष पुलिस टीमों के साथ 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन, स्टाफ रजिस्टर, ग्राहकों से संबंधित रिकॉर्ड और CCTV व्यवस्था की बारीकी से जांच की।

तीनों जोन में एक साथ चला अभियान

पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में अभियान चलाया गया। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्पा सेंटरों की जांच की।

रजिस्टर और CCTV रिकॉर्ड की जांच

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग क्षमता की जांच की। इसके साथ ही संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन से संबंधित दस्तावेज भी देखे गए।

कर्मचारियों की आयु से जुड़े दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर, लीज या किराया संबंधी कागजात, स्वामित्व रिकॉर्ड और आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की गई। पुलिस ने यह भी देखा कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं या नहीं।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में पुलिस को आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इसके बाद दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। जहां भी नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों में गड़बड़ी या प्रतिबंधित गतिविधियां सामने आएंगी, वहां संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापर: पुलिस की रेड, आपत्तिजनक सामग्री समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त, महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button