पार्थिव शिवलिंग निर्माण की गूंज उज्जैन तक पहुंची, 10 अगस्त को विशेष आयोजन में शामिल होंगे विनोद गौटिया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दद्दा शिष्य मंडल एवं राधाकृष्ण मंदिर के तत्वावधान में श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं विधि-विधान से पूजन का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी गूंज अब मध्यप्रदेश के उज्जैन तक पहुंच गई है।
ज्ञात हो कि करीब 9 वर्ष पूर्व पूरे देश में करोड़ों पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण करवाने वाले पूज्य प्रभाकर शास्त्री जी, जिन्हें भक्त स्नेहपूर्वक दद्दा के नाम से पुकारते थे, के मार्गदर्शन में नवापारा राजिम में महानदी की गोद में कुंभ के दौरान तथा एक बार कृषि उपज मंडी में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया गया था। इसी आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पार्थिव शिवलिंग पूजन के महत्व की जानकारी मिली।
मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ की पार्थिव पूजा अत्यंत फलदायी होती है और श्रद्धापूर्वक किए गए पूजन से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन की विशेषता यह है कि आयोजक परिवार की ओर से श्रद्धालुओं को पार्थिव शिवलिंग निर्माण के लिए परात और मिट्टी की गोलियों के साथ जल, दूध, दही, पुष्प, बेलपत्र, दूर्वा, पूजन सामग्री एवं घी का दीपक सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहजता से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर शिवलिंग निर्माण एवं पूजन करते हैं।
उज्जैन से पहुंचेंगे विनोद गौटिया
पार्थिव शिवलिंग निर्माण के इस अनूठे आयोजन की गूंज मध्यप्रदेश तक पहुंच चुकी है। आयोजन को देखने के लिए मध्यप्रदेश मेला, तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गौटिया 10 अगस्त, श्रावण मास के दूसरे सोमवार को राधाकृष्ण मंदिर परिसर पहुंचेंगे। बताया गया है कि विनोद गौटिया दद्दा जी के परम भक्त हैं। उनके साथ जबलपुर से संजय टिबड़ेवाल (पप्पू भाई) के भी पहुंचने की जानकारी दी गई है।
पहले सोमवार को दो घंटे में बन गए शिवलिंग
आयोजकों के अनुसार श्रावण के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया और करीब दो घंटे में निर्धारित शिवलिंग निर्माण का कार्य पूरा हो गया। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आयोजक परिवार ने इस बार शनिवार से ही मिट्टी की गोलियां तैयार करवाने का कार्य शुरू कर दिया है।
शिवमय हो जाता है राधाकृष्ण मंदिर परिसर
पार्थिव शिवलिंग निर्माण के दौरान पूरा राधाकृष्ण मंदिर परिसर शिवमय हो जाता है। श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आते हैं। एक ओर श्रद्धालु पार्थिव शिवलिंग का निर्माण करते हैं, वहीं दूसरी ओर शिव भक्ति के भजनों और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंजता रहता है। आयोजन का सीधा प्रसारण भी किया जाता है।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं विधि-विधान से पूजन के बाद श्रद्धालु शिवलिंगों को अपने सिर पर धारण कर महानदी मैया के तट तक पहुंचते हैं, जहां विधि-विधान से उनका विसर्जन किया जाता है। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाती है। इस सेवा कार्य में नगर के दानदाता स्वेच्छा से सहयोग करते हैं।
श्रद्धालुओं से पहुंचने की अपील
आयोजक परिवार ने श्रावण मास के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को होने वाले पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने और इस धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने के लिए राधाकृष्ण मंदिर परिसर पहुंचने का आग्रह किया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











