जिस स्कूल में जीवनभर बांटा ज्ञान, वहीं शिक्षक दिवस पर याद किए गए स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा, परिजनों ने कराया न्योता भोज
परिजनों ने अरंड स्कूल पहुंचकर बच्चों के साथ साझा किया न्योता भोज, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) राजिम :– शिक्षक दिवस का अवसर अरंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में भावुक कर देने वाला रहा। विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा की स्मृति में उनके परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों के साथ न्योता भोज साझा किया। इस दौरान परिवारजनों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
बासीन निवासी स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा ने अरंड स्थित प्राथमिक शाला में लंबे समय तक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। यही विद्यालय उनकी कर्मभूमि रहा और यहीं से वे सेवानिवृत्त हुए। 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्यगत कारणों के चलते उनके आकस्मिक निधन के बाद शिक्षक दिवस पर उनके परिजनों ने उनकी कर्मभूमि में पहुंचकर उनकी स्मृतियों को एक अनूठे तरीके से जीवंत किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय शर्मा जी की पत्नी श्रीमती विशाखा शर्मा, बड़े सुपुत्र आशीष शर्मा, छोटे सुपुत्र आशुतोष शर्मा, नाती अथर्व शर्मा सहित परिवारजन विद्यालय पहुंचे। प्रधान पाठक लक्ष्मी ध्रुव एवं शिक्षकगणों की मौजूदगी में बच्चों को न्योता भोज कराया गया। भोजन के दौरान परिवारजनों ने बच्चों के साथ समय बिताया और स्वर्गीय शर्मा जी से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया।
विद्यार्थियों से था विशेष लगाव

परिवारजनों ने कहा कि स्वर्गीय फेंकू प्रसाद शर्मा का अरंड स्कूल और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों से विशेष लगाव था। उन्होंने अपने सेवाकाल में बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयास किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी कर्मभूमि में न्योता भोज आयोजित करने का उद्देश्य उनकी यादों को जीवंत रखना और उनके शिक्षा के प्रति समर्पण को नमन करना है।
विद्यालय परिवार ने भी स्वर्गीय शर्मा जी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह न्योता भोज केवल भोजन का आयोजन नहीं, बल्कि एक शिक्षक और उनकी कर्मभूमि के बीच वर्षों से जुड़े आत्मीय रिश्ते को याद करने का भावुक अवसर बन गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











