सेवा संकल्प अभियान को जनांदोलन बनाने जुटेगा गरियाबंद जिला, प्रभारी मंत्री ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज)गरियाबंद :– छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने गरियाबंद विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों, जिला संगठन पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान को शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से व्यापक जनांदोलन का स्वरूप दिया जाए।
प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रमों को निर्धारित तिथिवार कैलेंडर के अनुसार आयोजित करने तथा जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत और गांव स्तर तक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना है।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस अवसर पर शाम 7 बजे जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। भूतेश्वरनाथ मंदिर परिसर, राजिम त्रिवेणी संगम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ शासकीय संस्थानों में भी दीप जलाए जाएंगे। लोगों को अपने घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा स्मरण’ के तहत गांवों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होगा। इसमें पोषण, मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
‘सेवा सेतु शिविर’ में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री ने ‘सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार’ को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। शिविरों में केवल योजनाओं की जानकारी देने के बजाय पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्यवाही करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड सहित विभिन्न पात्रता आधारित योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाएगा, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रंगोली, चित्रकारी और स्वच्छता गतिविधियों से बढ़ेगी जनभागीदारी

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। वहीं ‘सेवा रंग’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई सहित विभिन्न जनहितैषी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विकसित भारत एवं जनसेवा की थीम पर भव्य रंगोली और चित्रकारी भी कराई जाएगी।
बैठक में छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसपी वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, जिला संगठन पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ : आशीष शर्मा











