नवापारा में ‘हनुमान अंश’ फिल्म को लेकर दिखा भक्तिमय माहौल, सालासर सुंदरकांड समिति ने टाकीज में किया हनुमान चालीसा पाठ और प्रसादी वितरण

दर्शकों को भेंट की हनुमान चालीसा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) नवापारा-राजिम :– नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक संदेशों और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रदर्शन को लेकर गोबरा नवापारा में रविवार को अनूठा और भक्तिमय आयोजन देखने को मिला। नगर की धार्मिक एवं सेवाभावी संस्था श्री सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति नवापारा की ओर से 13 सितंबर को टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन किया गया।

समिति की ओर से सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक दर्शकों के लिए हलवा-पूड़ी के प्रसाद की व्यवस्था की गई। फिल्म देखने पहुंचे प्रत्येक दर्शक को हनुमान चालीसा की पुस्तक भी भेंट की गई। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में हनुमान भक्त, श्रद्धालु और नगरवासी ग्लैक्सी टॉकीज पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।

फिल्म शुरू होने से पहले हुआ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि फिल्म शुरू होने से पहले समिति के सदस्यों और मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान पूरा सिनेमा हॉल परिसर भक्तिमय हो गया। समिति के सदस्य एक जैसी ड्रेस में टॉकीज पहुंचे और आस्था के प्रतीक स्वरूप बाहर ही अपने जूते-चप्पल उतारकर फिल्म देखने के लिए अंदर गए।

बाबा के लिए खाली रखी गई 9 नंबर की सीट

आयोजन में श्रद्धा और विश्वास का एक अनूठा उदाहरण भी देखने को मिला। आयोजन के दौरान समिति के सदस्य एक ही ड्रेस में टॉकीज पहुंचे और आस्था के प्रतीक स्वरूप बाहर ही अपने जूते-चप्पल उतारकर फिल्म देखने गए। फिल्म शुरू होने से पहले सभी दर्शकों एवं समिति सदस्यों ने खड़े होकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।

समिति द्वारा नीम करौली बाबा की स्मृति और सम्मान के प्रतीक के रूप में 9 नंबर की सीट खाली रखी गई। समिति सदस्यों के अनुसार यह सीट बाबा के प्रति श्रद्धा और उनकी आध्यात्मिक उपस्थिति के प्रतीक के रूप में रखी गई थी।

धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना उद्देश्य

समिति के संस्थापक राजू काबरा एवं अध्यक्ष धरम साहू ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल फिल्म का प्रदर्शन देखना नहीं, बल्कि लोगों को धर्म, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से नीम करौली बाबा के जीवन और भगवान हनुमान के प्रति उनकी भक्ति से लोगों को प्रेरणा मिले, इसी भावना के साथ यह आयोजन किया गया।

19 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन

टॉकीज के संचालक हरिराम बंजारे ने बताया कि टॉकीज के करीब 19 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी संस्था द्वारा इस तरह का धार्मिक आयोजन किया गया है। उन्होंने सालासर समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा परिसर में इस तरह का आयोजन अपने आप में अनूठा रहा, जिसमें धार्मिक वातावरण के साथ दर्शकों के लिए प्रसाद और हनुमान चालीसा की पुस्तक की व्यवस्था की गई।

जनकल्याण और सेवा कार्यों में भी सक्रिय है सालासर समिति

श्री सालासर सुंदरकांड हनुमान चालीसा जनकल्याण समिति वर्षभर धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी सक्रिय रहती है। समिति द्वारा जरूरतमंदों की सेवा, स्कूली विद्यार्थियों की फीस जमा कराने, प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान, गरीब परिवारों में मृत्यु होने पर राशन सामग्री उपलब्ध कराने तथा निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग जैसे कार्य किए जाते हैं।

इसके साथ ही समिति सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए सुंदरकांड, हनुमान चालीसा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। सेवाभावी एवं सामाजिक कार्यों के चलते समिति को नवापारा सहित पूरे अंचल में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

आयोजन में समिति के सदस्यों का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में रूपेंद्र चंद्राकर, नंदकिशोर राठी, संतोष अग्रवाल, गुलाब, नेमी, ओमप्रकाश, मोहन, सुमित पंजवानी, जय, भूपेंद्र, अजय साहू, तारणी, आरती, सरिता सिंह, पिंकी, मोहिनी, तुलसी, नेहा, वासनी, तनीसा, छाया सहित समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

धार्मिक आयोजन के साथ फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों के बीच प्रसाद वितरण और हनुमान चालीसा की पुस्तक भेंट करने की इस पहल की नगरवासियों ने सराहना की। आयोजन के दौरान ग्लैक्सी टॉकीज में देर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने सपरिवार देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’, फिल्म को लेकर की ये घोषणा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button