मौसम ने बदला मिजाज, आकाशीय बिजली का कहर: मनरेगा कार्य के दौरान उपसरपंच सहित 3 की मौत, 5 घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में इन दिनों प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को तेज बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव में रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 60 से अधिक ग्रामीण कार्य कर रहे थे। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और आंधी से बचने के लिए कई मजदूर पास में स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।
इसी दौरान अचानक जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में कई ग्रामीण आ गए। हादसा इतना भयावह था कि उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अंतागढ़ उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।इस दुखद घटना के बाद पूरे कलगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर उपचार की मांग की है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से मां-बेटी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़











