ट्रेलर की चपेट में आई महिला राइडर; इलाज के दौरान तोड़ा दम, चालक फरार; बस्तर जाने निकले थे 23 राइडर्स

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में बाइक राइडिंग का रोमांच उस वक्त मातम में बदल गया, जब बस्तर की ओर निकले बाइकर्स के दल में शामिल 24 वर्षीय युवती दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गईं। धमतरी जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरकाटोला घाटी के पास NH-30 पर ट्रेलर की चपेट में आने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथी राइडर्स और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

23 राइडर्स के साथ बस्तर जा रही थीं रिद्धि

जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त की सुबह बाइक राइडर्स का दल रायपुर से कांकेर और आगे बस्तर की ओर रवाना हुआ था। समूह में कुल 23 राइडर्स बताए जा रहे हैं, जबकि तीन लोग कार में सवार थे। सभी बाइकर्स एक साथ सफर कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइक राइडर्स आगे निकल गए, जबकि 24 वर्षीय रिद्धि समेत तीन राइडर्स कुछ दूरी पीछे रह गए। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास अचानक हादसा हो गया।

ट्रेलर की टक्कर से सड़क पर गिरीं रिद्धि

बताया जा रहा है कि रिद्धि अपनी बाइक से आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान ट्रेलर की टक्कर से वह सड़क पर गिर गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिद्धि को गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही साथ चल रहे बाइक राइडर्स और आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। डायल-112 की सहायता से घायल रिद्धि को उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

नहीं बच सकी जान

चारामा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रिद्धि की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और साथी उन्हें लेकर धमतरी पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिद्धि की मौत की खबर मिलते ही उनके साथ यात्रा कर रहे साथी राइडर्स में शोक की लहर दौड़ गई।

मुंबई की रहने वाली थीं रिद्धि

मृतका की पहचान रिद्धि ठक्कर (24), निवासी कांदिवली, मुंबई वेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बाइक MH 12 SP 0835 से रायपुर पहुंची थीं और इसके बाद बाइक राइडर्स के दल के साथ कांकेर-बस्तर की ओर रवाना हुई थीं। जिस सफर में रोमांच और यादगार पलों की उम्मीद थी, वही सफर रिद्धि के परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचाया जाएगा, जहां से परिजन उसे मुंबई ले जाएंगे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पहुंचीं क्वीन बाइक राइडिंग की 30 महिला बाइकर्स, इको-टूरिज्म, सड़क सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button