अभनपुर ब्रेकिंग: पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत
विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के लिए राजिम जाने निकले थे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। पचेड़ा-थनौद के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग रायपुर के भनपुरी क्षेत्र से विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के लिए राजिम जा रहे थे। वाहन में करीब दर्जनभर महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। इसी दौरान पचेड़ा-थनौद के पास सामने से आ रही बाइक से पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप में सवार कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान नहीं, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











