नवापारा ब्रेकिंग: युवक की हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, लूट के लिए रची थी हत्या की साजिश, 3 आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा इलाके में युवक की हत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। नवापारा निवासी आरोपी राकेश बंजारे (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले पुलिस द्वारा एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने पहले शराब पी और इसके बाद खर्च के लिए पैसे नहीं होने पर राहगीर को लूटने की योजना बनाई। इसी दौरान गातापारा निवासी देवाराम साहू उनके निशाने पर आए। आरोपियों ने रात के अंधेरे में पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक नहीं रोकने पर पीछा कर ओवरटेक किया और जबरन रोक लिया। इसके बाद मारपीट और चाकू से हमला कर देवाराम की हत्या कर दी गई तथा उनका मोबाइल और करीब एक हजार रुपये नकद लूटकर आरोपी फरार हो गए।
5 सितंबर की रात मानिकचौरी में हुई थी वारदात
घटना 5 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे अभनपुर-नवापारा मार्ग पर मानिकचौरी रेलवे फाटक के पास हुई थी। ग्राम गातापार निवासी देवाराम साहू पिता जुगराम साहू (48 वर्ष) रात में अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाया, लेकिन देवाराम ने अपनी बाइक नहीं रोकी। इसके बाद आरोपियों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी आगे जाकर बाइक को ओवरटेक कर उन्हें जबरन रोक लिया।
विरोध किया तो चाकू से कर दिया हमला
बाइक रोकने के बाद आरोपियों ने देवाराम से बातचीत की। इसी दौरान छबी जांगड़े ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वेदप्रकाश भी मारपीट में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर देवाराम को पकड़ लिया। इसी दौरान विरोध करने पर साथ मौजूद नाबालिग आरोपी ने धारदार चाकू से देवाराम पर कई वार कर दिए। चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल देवाराम सड़क पर गिर पड़े।
हमले के बाद आरोपी उनके पास मौजूद मोबाइल फोन और करीब 1,000 नकद लेकर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर देवाराम की मोटरसाइकिल भी मिली थी।
नाबालिग समेत तीन आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद अभनपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान और पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु, छबी जांगड़े उर्फ धोंधी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पूछताछ में सामने आया चौथे आरोपी का नाम
पुलिस जांच आगे बढ़ने पर वारदात में राकेश बंजारे पिता स्वर्गीय मेहत्तर बंजारे (32 वर्ष) निवासी रेलवे क्रॉसिंग के पास नवापारा की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी पतासाजी शुरू की और मंगलवार को राकेश बंजारे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 126(2), 309(4), 61(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











