अंग्रेजी विषय लेने से रोकने की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने किया स्थिति स्पष्ट, कहा- विद्यार्थियों को विषय चयन की पूरी स्वतंत्रता

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) रायपुर :– विद्यालयों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय लेने से रोके जाने संबंधी शिकायतों पर जिला शिक्षा कार्यालय रायपुर ने स्थिति स्पष्ट की है। कार्यालय के अनुसार, विद्यालयों से प्राप्त प्रतिवेदनों की जांच में विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय लेने से रोकने या इसके स्थान पर अन्य विषय चुनने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।
जिला शिक्षा कार्यालय के उप संचालक ने बताया कि कक्षा 9वीं और 11वीं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अंग्रेजी विषय का अध्ययन कर रहे हैं। वहीं, बैंकिंग फाइनेंस विषय का विकल्प जिले के केवल कुछ चयनित विद्यालयों में ही उपलब्ध है। ऐसे में अंग्रेजी विषय के स्थान पर विद्यार्थियों को किसी अन्य विषय का चयन करने के लिए बाध्य किए जाने की बात सही नहीं है।
किसी प्रकार की रोक नहीं
उन्होंने बताया कि कक्षा 12वीं में भाषा विषय के रूप में 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी अंग्रेजी का अध्ययन कर रहे हैं। यह आंकड़ा विद्यालयों में अंग्रेजी विषय के प्रति विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी को दर्शाता है।
उप संचालक के अनुसार, विद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को विषय चयन का अवसर दिया जा रहा है। अंग्रेजी विषय लेने पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है और विद्यार्थियों को उपलब्ध विषयों में नियमानुसार चयन की सुविधा दी जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रशासनिक लापरवाही पर कार्रवाई: प्रधानपाठक की एक वेतन वृद्धि रोकी गई











