जमीन विवाद के बीच गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित, फिंगेश्वर में भड़का आक्रोश; सैकड़ों की संख्या में थाना पहुंचे सतनामी समाज के लोग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के बीच सतनामी समाज के आराध्य एवं महान प्रतापी राजा गुरु बालक दास की स्थापित प्रतिमा खंडित मिलने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सतनामी समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में लामबंद होकर फिंगेश्वर थाना पहुंचे और जमकर आक्रोश जताते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि दर्रीपार में जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा है। इसी मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की गाड़ी रोके जाने की बात भी सामने आई थी। इसके ठीक अगले दिन गुरुवार सुबह गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित हालत में मिलने से विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
प्रतिमा खंडित होने से समाज में आक्रोश
गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित होने की खबर फैलते ही सतनामी समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रतिमा खंडित करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर तत्काल गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष फिंगेश्वर थाना पहुंचे। यहां समाज के लोगों ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। समाज की ओर से स्पष्ट कहा गया है कि यदि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आगे उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।
कड़ी कार्रवाई की मांग

तहसील परिक्षेत्र सतनामी समाज के अध्यक्ष कोमल ढीढी ने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में फिंगेश्वर थाना पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की थी। वहीं समाज के सचिव कुलेश्वर सोनवानी ने कहा कि समाज के लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो समाज के प्रतिनिधि गरियाबंद एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
आवेदन मिला, जांच जारी

गरियाबंद के एडिशनल एसपी कर्ण कुमार उइके ने बताया कि मामले में अभी आवेदन प्राप्त हुआ है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राजिम एसडीएम विशाल महाराणा ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। प्रशासन और संबंधित टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद के बाद प्रतिमा खंडित मिलने से बढ़ा मामला
दर्रीपार में जमीन विवाद को लेकर प्रशासनिक जांच के अगले ही दिन प्रतिमा खंडित मिलने से पूरे मामले की कड़ियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि प्रतिमा किसने और किन परिस्थितियों में खंडित की, तथा इसका जमीन विवाद से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इन बिंदुओं का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मौके पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी
घटना के बाद दर्रीपार में तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल सतनामी समाज की ओर से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। वहीं पुलिस के सामने प्रतिमा खंडित करने वाले व्यक्ति की पहचान कर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की चुनौती है। मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
फिंगेश्वर ब्रेकिंग: सीमेंट से भरा ट्रक पुलिया से नीचे पलटा, सैकड़ों बोरियां पानी में भीगीं











