कोपरा-पोखरा सड़क से राजिम फोरलेन तक पहुंचे PWD सचिव, अधिकारियों और ठेकेदारों को दिए निर्देश
न्यायालय आवास और जिला परिवहन कार्यालय भवन की भी देखी प्रगति

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बरसात के बाद गरियाबंद जिले में सड़क, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूरी कराने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिव श्री बंसल ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति केवल कार्यालयीन रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगी। वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण करेंगे और जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच करेंगे। इसके साथ ही निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कोपरा-पोखरा मार्ग और राजिम फोरलेन का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सचिव श्री बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में 26.20 किलोमीटर लंबे कोपरा-पोखरा मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस परियोजना में सड़क निर्माण के साथ पुल-पुलियों के कार्य भी शामिल हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने राजिम में नवीन मेला स्थल चौबेबांधा से लक्ष्मण झूला तक प्रस्तावित 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि निर्माण कार्यों का लाभ आम नागरिकों को समय पर मिल सके।
निर्माण कार्यों की समीक्षा
सड़क परियोजनाओं के साथ सचिव ने गरियाबंद में निर्माणाधीन शासकीय भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृहों, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृहों की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन भवनों के निर्माण की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासकीय भवनों के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचे सचिव
सचिव श्री बंसल ने जिले के बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में पहुंचकर सड़क और पुल निर्माण कार्यों की स्थिति भी देखी। उन्होंने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर निर्मित पुल एवं पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके अलावा उन्होंने कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का जायजा लिया। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने वाली इन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
सर्किट हाउस में अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक
मैदानी निरीक्षण के बाद सचिव श्री बंसल ने गरियाबंद सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यों में आ रही समस्याओं और बाधाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और समस्याओं का समय पर निराकरण कर काम को गति दी जाए।
उन्होंने कहा कि बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागीय अमले को सक्रियता से काम करना होगा। निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और वरिष्ठ अधिकारियों के औचक मैदानी निरीक्षण से निर्माण की वास्तविक प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
कार्यालय परिसर की स्वच्छता और रखरखाव पर भी जोर
दौरे के दौरान सचिव श्री बंसल ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय एवं कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंतागण उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सोलह सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 64.43 करोड़ रुपयें स्वीकृत, सिंचाई सुविधा में होगा विस्तार











