बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर युवक की हत्या, तीन नाबालिगों ने घेरकर चाकू से किया हमला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर तीन नाबालिगों ने 18 वर्षीय युवक चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह करीब तीन महीने पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामला माना थाना क्षेत्र का है।
परिवार के साथ संप्रेक्षण गृह पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार, मृतक सावन सेन अश्विनी नगर पुरानी बस्ती का निवासी था। बुधवार शाम करीब 4 बजे वह परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां परिवार हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मिलने आया था। मुलाकात के बाद जैसे ही सावन परिवार के साथ बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश
पुलिस की पूछताछ में तीनों विधि से संघर्षरत बालकों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद से उनके बीच रंजिश चल रही थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सावन पर हमला करने की योजना बनाई थी। बुधवार को उसके माना पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल सावन को तत्काल मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











