छुरा ब्रेकिंग: इको कार को किया आग के हवाले, गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर आग लगाने का आरोप!, VIDEO
गांव के दो अन्य वाहनों को भी जलाने की कोशिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) छुरा :– गरियाबंद जिले में एक बार फिर घर के सामने खड़े वाहन को आग लगाने का मामला सामने आया हैं। पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तौरेंगा में वेगनआर कार में आग लगाने की घटना के बाद अब छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम लोहझर में अज्ञात शरारती तत्वों ने ग्राम पंचायत के वार्ड पंच की इको कार को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने कार का शीशा तोड़कर उसके अंदर गैस सिलेंडर और चूल्हा रखकर आग लगाई। इसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी जलाने का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात ग्राम लोहझर के मंदिरपारा की है। वाहन मालिक अरुण कुमार ठाकुर ग्राम पंचायत लोहझर के वार्ड क्रमांक 12 के पंच हैं। उनकी इको कार क्रमांक CG 04 NV 5514 हमेशा की तरह घर की बाड़ी के अंदर खड़ी थी। सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के लोग उठे तो कार में आग लगी हुई दिखाई दी। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गई।
शीशा तोड़कर कार में रखा गैस सिलेंडर और चूल्हा, फिर लगाई आग
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति ने पहले ग्रेनाइट के टुकड़े से कार का शीशा तोड़ा। वाहन मालिक अरुण कुमार ठाकुर के मुताबिक, उनके घर में ग्रेनाइट टाइल्स लगाने का काम चल रहा है। आशंका है कि वहीं पड़े ग्रेनाइट के टुकड़े का इस्तेमाल कार का शीशा तोड़ने के लिए किया गया। इसके बाद आरोपी ने कार के अंदर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा और लाइटर सहित अन्य सामान रखकर आग लगा दी। सुबह जब परिवार के लोगों ने वाहन की स्थिति देखी तो कार के अंदर गैस सिलेंडर फटा हुआ मिला। चूल्हा और अन्य सामान भी दिखाई दे रहे थे।
दो अन्य वाहनों को भी जलाने की कोशिश, बाल-बाल बचीं गाड़ियां
वाहन मालिक के अनुसार, इसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी आग लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। वहीं उनकी इको कार को निशाना बनाकर पूरी तरह जला दिया गया। एक ही रात में गांव के तीन वाहनों को निशाना बनाने की कोशिश की घटना ने ग्रामीणों के बीच चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी वाहन मालिक द्वारा डायल 112 को दी गई। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह देते हुए आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों का कहना है कि घरों के सामने या बाड़ी में वाहन खड़े करना आम बात है। ऐसे में यदि अज्ञात असामाजिक तत्व इस तरह वाहनों को आग के हवाले करते रहे तो कभी भी बड़ी जनहानि और धनहानि हो सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम तौरेंगा में भी घर के सामने खड़ी वेगनआर कार को आग लगाने की घटना सामने आई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, उस मामले में भी आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब ग्राम लोहझर में दूसरी ऐसी घटना सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आखिर कब पकड़े जाएंगे वाहन जलाने वाले आरोपी?
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय हैं। यदि समय रहते आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता। अब जरूरत है कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के साक्ष्यों की जांच करे, आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करे और ऐसी वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाए।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पत्रकार की घर के सामने खड़ी कार में आधी रात आगजनी, जलकर खाक हुआ वाहन, जांच में जुटी पुलिस











