गुरु नानक देव जी की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पंच प्यारों ने की अगुवाई, विधायक-पूर्व मंत्री हुए शामिल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर नवापारा नगर में पूज्य सिंध पंचायत एवं सिख समाज के अनुयायियों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली इस विशाल शोभायात्रा में डीजे, धुमाल, आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजे रथ ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा को देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा में सबसे आगे पंच प्यारे चल रहे थे, उनके पीछे गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य रथयात्रा निकाली गई। समाज के युवा, पुरुष, महिलाएं और बच्चे गुरु कीर्तन करते हुए नाचते-गाते और झूमते नजर आए। शोभायात्रा के आगे-आगे फूलों की वर्षा की जा रही थी। नगर के विभिन्न मार्गों पर बाबा गुरु नानक देव जी के अनुयायियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय पदार्थ, चाय, बिस्किट, मिठाई सहित अन्य प्रसाद की व्यवस्था की।
प्रकाश पर्व को लेकर समाजजनों द्वारा गोपाष्टमी से ही प्रतिदिन अलसुबह प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, जो गुरु नानक जयंती तक जारी रही। इसमें समाज के बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं नगर के गंज रोड स्थित सिंधी गुरुद्वारा को आकर्षक झालर लाइटिंग से सजाया गया था। जयंती के अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारा में गुरु कीर्तन का आयोजन हुआ, जो दोपहर तक चला। इसके बाद आम लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शोभायात्रा का सकल जैन समाज, नवयुवक गणेशोत्सव समिति सहित नगर के अनेक सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
सामाजिक लोग हुए शामिल
इस अवसर पर पूज्य सिंध पंचायत के मुख्य सेवादार वीरभान पप्पू ज्ञानचंदानी, समाज अध्यक्ष सुंदर पंजवानी, टिकमचंद साधवानी, अनिल जगवानी, धनराज मध्यानी, गोविन्द राजपाल, ज्ञानचंद लालवानी, मुरलीधर सचदेव, किशोर सचदेव, प्रतापचंद छाबड़ा, अनिल छाबड़ा, कमल एवं किशोर नागवानी, राकेश मध्यानी, संजय भाषाणी, पुरन लालवानी, जवाहर जीवनानी, रमेश नथानी, हरीश नागवानी, हीरानंद नारवानी, बलराम साधवानी, संतदास फोटाणी,
बबलू फोटाणी, विकास नारवानी, श्याम अठवानी, सुरेश जगवानी, ईश्वर जगवानी, आलोक अठवानी, भगवान दास सुंदरानी, कोमल गुनानी, अनिल सुंदरानी, सुनील छाबड़ा, गांधी निरंकारी, सचिन सचदेव, अंकित मेघवानी, अशोक सचदेव, लक्की मेघवानी, मयूर पंजवानी, करतार सिंह सहित सिख समाज से पूर्व पालिका उपाध्यक्ष सरदार जीत सिंह, बॉबी चावला, राजा चावला, रेशम सिंह हुन्दल सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरु नानक देव जी के दरबार में पहुंचे विधायक इंद्र कुमार साहू
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू नगर के गंज रोड स्थित सिंधी गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरु नानक देव जी के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने सिख एवं सिंध समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि गुरु साहिब की शाश्वत शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानवता का मार्गदर्शन करती हैं। उनकी शिक्षाएं करुणा, एकजुटता, सेवा और सर्वकल्याण की भावना से समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती हैं। हम सभी को बाबा गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।
इस अवसर पर नवापारा भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, रायपुर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष मुकेश ढीढी, विधायक प्रतिनिधि संजय साहू, भाजपा मंडल महामंत्री सौरभ जैन, पालिका सभापति सचिन सचदेव, प्रेम साधवानी, बब्बू जगवानी, चंद्रिका साहू, दिलीप सेवानी सहित सिंध समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने समाजजनों के साथ लंगर में भी सहभागिता की।
पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने गुरुद्वारे में टेका मत्था
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेन्द्र साहू भी गंज रोड स्थित पूज्य सिंध गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरु नानक देव जी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने सिख एवं सिंध समाज के लोगों से मुलाकात कर उन्हें गुरु नानक देव जी की जयंती एवं प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने गुरु साहिब की शिक्षाओं और मानव सेवा, सद्भाव तथा भाईचारे के संदेश को स्मरण किया। धनेंद्र साहू के साथ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंग, सौरभ शर्मा, चंद्राहास साहू आदि मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











