17 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, मां ने युवक पर लगाये गंभीर आरोप; बोली- बेटी नहीं कर सकती आत्महत्या
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 17 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका की मां ने मोहल्ले के युवक पर बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मां के मुताबिक, घटना वाले दिन युवक ने मैसेज कर बेटी को मिलने बुलाया था। कुछ देर बाद बेटी ने फोन पर रोते हुए उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी दी।
वहीं, शाम को युवक ने ही फोन कर पहले अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की बात बताई। रात करीब 8 बजे सिम्स अस्पताल में युवती ने दम तोड़ दिया। मां ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।मामला बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, घुरु निवासी मीना डहरिया रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनकी बेटी एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने उसके मोबाइल पर मैसेज भेजकर मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण युवती उससे मिलने चली गई।
शाम होते-होते मामला गंभीर हो गया
कुछ देर बाद युवती ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण मीना कॉल रिसीव नहीं कर सकीं। बाद में जब उन्होंने बेटी को फोन किया तो वह रोते हुए बताने लगी कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। घबराहट में वह लोकेशन नहीं बता पाई। मां को लगा कि दोनों के बीच विवाद शांत हो जाएगा, लेकिन शाम होते-होते मामला गंभीर हो गया।
मीना के अनुसार, शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने फोन कर बताया कि युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर जानकारी दी कि युवती ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स अस्पताल लाया गया है। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली।
पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
बेटी का शव देखने के बाद मां ने युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि उसके बेटी के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान थे। उनका आरोप है कि बेटी के साथ मारपीट कर उसकी जान ली गई और अब घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है। मीना ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा हैं। युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
रायपुर में युवती की संदिग्ध मौत: प्रेमी के घर फंदे पर मिली लाश, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप











