राजिम CHC में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का हुआ शुभारंभ, एक ही स्थान पर निःशुल्क होगी 97 प्रकार की जांच
विधायक रोहित साहू और जनप्रतिनिधियों ने शुभारंभ कर जनता को किया समर्पित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजिम में क्षेत्रवासियों की बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण संपन्न हुआ। इस आधुनिक यूनिट के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को संक्रामक बीमारियों की त्वरित निगरानी, आधुनिक लैब जांच और बेहतर प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं का सीधा लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधानसभा क्षेत्र के रोहित साहू रहे, साथ में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर नवनिर्मित यूनिट का लोकार्पण किया।
निःशुल्क होगी जांच
मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू जी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के शुरू होने से राजिम क्षेत्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा। इस हेल्थ यूनिट में 97 प्रकार की विभिन्न रक्त एवं स्वास्थ्यगत जांचें अब निःशुल्क होगी जिसका विस्तृत रिपोर्ट भी 24 घंटे के अंदर मरीजों के पंजीकृत मोबाईल नंबर पर मिल जाएगी। ये सभी जांच अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से बहुत ही कम समय में अस्पताल में ही हो सकेंगी।
इसके अलावा डेंगू, मलेरिया, डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का डेटा तुरंत एकत्र कर उन पर त्वरित नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और स्थानीय मरीजों को अब छोटी-मोटी जांचों और प्राथमिक इलाज के लिए बड़े शहरों या निजी पैथोलॉजी लैब के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस यूनिट के शुभारंभ से ब्लॉक स्तर पर ही बीमारियों का रुझान देखकर समय रहते आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
परीक्षणों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा

भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से BPHU की स्थापना की गई है। यहां अब विभिन्न रक्त जांच सहित आवश्यक पैथोलॉजी जांच की सुविधा मिलेगी, जिससे लोगों को छोटे परीक्षणों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और समय व धन दोनों की बचत होगी।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव आदि ने भी संबोधित किया। समारोह के अंत में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पधारे हुए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों जिनमें प्रमुख रूप से जनपद अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष पुर्णिमा चन्द्राकर, छाया राही वरिष्ठ भाजपा नेत्री व सदस्य, जीवन दीप समिति, तुषार कदम पार्षद, नगर पालिका परिषद् राजिम, सोमनाथ पटेल सदस्य जीवन दीप समिति, कुलेश्वर साहू सदस्य जीवन दीप समिति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ यूएस नवरत्न, बीएमओ डॉ स्नेहलता हुमने, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, एल्डरमैन मधु नत्थानी, देवकी साहू, लक्ष्मी श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











