भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की जोरदार टक्कर, 3 शिक्षिका समेत 5 लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई। हादसे की स्थिति देख हर कोई सिहर उठा। घटना कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर चिल्फी थाना क्षेत्र के अकालघरिया गांव के पास बोलेरो और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। तेज रफ्तार ट्रक कवर्धा से अमरकंटक जा रहा था, जबकि कोलकाता से पर्यटक बालाघाट से बिलासपुर जा रहे थे। बोलेरो में सवार लोग कालघरिया गांव के पास पहुंचे ही थे कि ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी।
बोलेरो की हालत देखकर सिहर उठे लोग
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर खून के धब्बे और बोलेरो की हालत बेहद भयावह थी। घटना में तीन शिक्षिकाओं और बोलेरो चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पांचवीं मौत अस्पताल में एक लड़की की हुई। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चिल्फी पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
जांच में जुटी पुलिस
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को कवर्धा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना में मारे गए लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। पुलिस मृतका और घायलों की जानकारी जुटा रही है।
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि कवर्धा जिले के चिल्फी घाटी में हुए सड़क दुर्घटना की खबर अत्यंत दुःखद है। इस दुर्घटना में 3 महिला शिक्षिकाओं सहित कुल 5 लोगों के असमय निधन एवं कुछ के घायल होने से मन व्यथित है। घायलों के उपचार हेतु तत्काल उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
https://x.com/vishnudsai/status/1975061075281186912
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c