सूखा नदी के तेज बहाव में फंसा मिला लापता शिक्षक, पुलिस-ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बचाई जान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– छुरा इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक शिक्षक सोमवार रात से अचानक लापता हो गया। इस बीच मंगलवार को शिक्षक हरदी-खुसरुपाली के पास सूखा नदी के तेज बहाव के बीच फंसा हुआ मिला। नदी के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रहे शिक्षक को देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शिक्षक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद शिक्षक की हालत को देखते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि हरदी-खुसरुपाली क्षेत्र में सूखा नदी के बीच एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर गंगवाल पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचते ही पुलिस के सामने बड़ी चुनौती नदी में पानी का बहाव बेहद तेज था, जबकि आसपास का इलाका कीचड़ और पानी से लबालब था। ऐसे हालात में नदी के बीच फंसे व्यक्ति तक पहुंचना किसी जोखिम से कम नहीं था।
जान जोखिम में डालकर शुरू किया रेस्क्यू
पुलिस जवानों ने ग्रामीणों को साथ लेकर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव के बीच सावधानीपूर्वक आगे बढ़ते हुए पुलिस और ग्रामीण नदी के बीच फंसे व्यक्ति तक पहुंचे। काफी मशक्कत और जोखिम के बाद फंसे शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
रात से लापता था शिक्षक
नदी से बाहर निकाले गए व्यक्ति की पहचान छुरा नगर के गादीकोट निवासी शिक्षक नंद कुमार कंवर (38 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिक्षक सोमवार रात से लापता था। शिक्षक नदी के बीच तक कैसे पहुंचा यह सवाल उठ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर शिक्षक वहां कैसे पहुंचा। शिक्षक के स्वस्थ होने के बाद ही घटना से पूरा घटनाक्रम सामने आएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, आरक्षक रूपेंद्र जैन, आरक्षक अमित जांगड़े और आरक्षक यशवंत त्रिवेंद्र सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त तत्परता से तेज बहाव के बीच फंसे शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
वीडियो
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: डबरी में मिला युवक का शव, इस बात की आशंका, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया











