मां-बेटी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में ये बात आई सामने, आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर लिखा…

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- धमतरी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक महिला ने अपनी बेटी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार धमतरी कोतवाली थाना के शिव चौक में खुशबू शर्मा 38 वर्ष और बेटी अंतरा शर्मा 13 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मां-बेटी की आत्महत्या की वजह भाई की मौत बताई जा रही है ।
भाई के मौत से थी निराश
बताया जा रहा है कि मृतिका तलाकशुदा थी और वह अपनी मां प्रतिमा मिश्रा के साथ धमतरी में रह रही थी। वर्तमान में वह शहर के एक निजी स्कूल में टीचर थी। खुशबू के एक भाई आकाश मिश्रा उर्फ सन्नी मिश्रा 28 वर्ष ने पिछले साल 03 सितंबर 2023 को किसी कारणवश गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आकाश की मौत से पूरा परिवार सदमे में था। उनका परिवार इसे आत्महत्या नहीं हत्या मान रही थी । जिसे लेकर खुशबू और उसके परिवार ने कई जगहों पर आवेदन भी दिया था । लगभग 9 महीने बाद भी परिवार इस घटना से उबर नहीं पाया था।
मृतिका ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर स्टोरी भी पोस्ट की थी। जिसमें पहली स्टोरी में उसने लिखा है कि यहां अंत में कुछ भी ठीक नहीं होता है, अंत में सिर्फ अंतिम संस्कार होता है। एक दूसरी स्टोरी में तू आएगा ही नहीं तो तुझे बुलाऊं कैसे, तू समझना ही नहीं चाहता तो तुझे समझाऊं कैसे । ये दो स्टोरी पोस्ट होने के बाद बुधवार- गुरुवार की रात सुबह मां बेटी की फांसी पर लटकी हुई लाश मिली।

इस पोस्ट को भाई की मौत से जोड़ कर देखा जा रहा है। खुशबू काफी हताश और निराश हो चुकी थी और शायद इसकी वजह से ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। बहरहाल इस घटना से पूरा परिवार स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है।
न्याय की उम्मीद में था परिवार

सीजी प्रयाग न्यूज की टीम से भी संपर्क कर मृतिका खुशबू ने कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। जिसमें उसने भाई की हत्या को आत्महत्या का रूप देना बताया था। इसके लिए परिवार जनों ने थाना प्रभारी सीटी कोतवाली धमतरी और पुलिस अधीक्षक धमतरी को न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।











