शराब पार्टी के बाद प्रेमिका की हत्या, पेट्रोल से जलाया शव, आरोपी युवक गिरफ्तार, दूसरी महिला से संबंध के शक में हुआ विवाद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर पहचान मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। शव के आसपास घसीटने के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सोशल मीडिया ने खोला राज

मृतिका की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने महिला के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा औद्योगिक क्षेत्रों में प्रसारित किए। इसी दौरान जशपुर जिले के ग्राम बोरो से पहुंचे दो युवकों ने कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की।

जांच में पता चला कि मंगरिता एक्का पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी करती थी और लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में एक व्यक्ति के साथ रह रही थी। इसी कड़ी में पुलिस का संदेह उसके साथी इमिलीयूस तिग्गा (45 वर्ष) पर गया, जो घटना के बाद से गायब था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी इमिलीयूस तिग्गा को जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरा सच उगल दिया।

शराब पार्टी के बाद हत्या

आरोपी ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी मुलाकात मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे थे। लेकिन महिला को शक था कि आरोपी का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन दोनों साथ निकले और रास्ते में एक महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी। नशे के दौरान पुराना विवाद फिर भड़क उठा। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी ने मंगरिता की साड़ी से ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

पहचान मिटाने रची खौफनाक साजिश

हत्या के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शव को क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले गया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि महिला की पहचान न हो सके और हत्या का कोई सुराग न मिले। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल, माचिस सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पारिवारिक विवाद में जल्लाद बना देवर, भाभी-भतीजी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button