गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या! मोहल्ले के 3 युवकों ने लात-घूंसों से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक की लात-घूंसों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। युवक अपने गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था लेकिन युवक के वहां आने से नाराज मोहल्ले के तीन युवकों ने मौत के घाट उतार दिया। हमले में युवक को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामला रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार सतीगुड़ी चौक निवासी 35 वर्षीय शिवा सेठ्ठी 8 सितंबर को ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में रहने वाली अपने गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने शिवा को वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ मारपीट शुरू कर दी। तीनों ने लात-घूंसों और हाथ-मुक्कों से उस पर हमला किया, जिससे उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद शिवा किसी तरह मौके से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और उसके साथ हुई घटना की जानकारी दी।
शुरुआती इलाज कराने के बाद शिवा अपने घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम में सामने आई हेड इंजरी
युवक की मौत के बाद पहले कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया। जांच के दौरान घटना स्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का पाए जाने पर मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई।
जूटमिल पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक, गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की। वहीं पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के चलते मौत होना पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों संदिग्ध आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में राजू महंत और कृष्णा साव ने धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा से मारपीट करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने राजू महंत और कृष्णा साव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
वहीं तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल इस मामले में दो आरोपी जेल पहुंच चुके हैं, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











