अभनपुर विधानसभा के 15 ग्राम पंचायतों में बनेंगे पंचायत भवन, 2.99 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक इंद्र कुमार साहू के प्रयासों से अभनपुर विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण के लिए कुल 299.91 लाख रुपये यानी लगभग 2 करोड़ 99 लाख 91 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इन निर्माण कार्यों के लिए संबंधित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय जिला पंचायत रायपुर द्वारा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण के तहत इन पंचायत भवनों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। पंचायत भवन ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियों, बैठकों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के संचालन के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इन गांवों में मिली स्वीकृति
स्वीकृति के तहत उगेतरा, कोलियारी, गोतियारडीह, घोंट, छछानपैरी, छांटा, जवाईबांधा, पारागांव, बकतरा, भोथीडीह, निमोरा, भरेंगा, मोहदी, लमकेनी और सोनेसिल्ली ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक पंचायत भवन के लिए लगभग 19.99 लाख से 20 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है।
इन पंचायत भवनों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकों, जनसमस्याओं के निराकरण और विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
विधायक इंद्र कुमार साहू ने इस स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और पंचायतों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायतों के कामकाज को और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











